शर्मनाकः सीतामढ़ी में बेहोश कर 16 साल की छात्रा से तीन लोगों ने किया गैंगरेप

देश बिहार
Spread the love

सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी में 10वीं की छात्रा के साथ 3 लोगों ने गैंगरेप किया। 16 साल की नाबालिग अपनी एक सहेली की शादी से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के 3 युवकों ने उसे घेर लिया। नशा सूंघा कर उसके साथ दरिंदगी की।

वारदात महिन्दवारा थाना क्षेत्र के गांव की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में शादी देखकर अपनी सहेली के साथ शुक्रवार की रात करीब 1.30 बजे घर लौट रही थी। इसी दौरान तीन युवकों (संतोष, अभिषेक व ब्रजेश) ने घेर लिया। हालांकि, उसकी सहेली किसी तरह हल्ला करते हुए भाग गयी। वहीं पीड़िता के हल्ला करने पर आरोपियों ने मुंह दबाकर नशा सूंघा दिया। इसके बाद सभी उसे पकड़कर जंगल की ओर ले गए और दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने बताया कि इस वारदात के बाद वह बेहोश हो गयी। शनिवार सुबह 4 बजे के करीब होश आया। तब वह किसी तरह घर पहुंची और मां को पूरी जानकारी दी। वही गांव में हल्ला होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। हालांकि पहले तो पंचायत ने समझौता का प्रयास किया, लेकिन पीड़िता के परिजन नहीं मानते हुए शिकायत लेकर महिला थाना पहुंचे। पीड़िता ने बताया कि तीनों आरोपित नशे की हालत में थे। घटना की पुष्टि के लिए ग्रामीणों ने उसकी सहेली को भी बुलाया तब सहेली ने सारी बात बताई। उसने कहा कि डर की वजह से वह किसी को कुछ नहीं कही।

शनिवार की रात पीड़िता ने अपनी मां के साथ महिला थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें पीड़िता ने अपने गांव के ही तीन युवक संतोष, अभिषेक व ब्रजेश पर आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला थानेदार रेखा सिन्हा ने कहा कि पीड़िता का बयान लेने के बाद उसे रविवार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मेडिकल जांच हुई। सूचना पर महिन्दवारा थाना की पुलिस भी महिला थाना पहुंचकर मामले की छानबीन की।