बरसात में 57 परिवार पर टूटा मुसीबत का पहाड़, आ गये सड़क पर

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्ठ

गोमिया (बोकारो)। बच्चों की परीक्षा चल रही है। इस बरसात में सिर से छत छिन गई तो कहां जाएंगे। हमें मौका दीजिए सर। हमारे पास और कोई आशियाना नही है। हमें उजाड़ने से पहले बसा दीजिए। लोग रोते हुए प्रशासन के आगे गुहार लगा रहे थे। यह दृश्य 22 जून को बोकारो जिले के आईईएल थाना क्षेत्र स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड के आवासीय परिसर में देखने को मिला।

इसके बावजूद प्रशासन के आगे किसी की नहीं चली। बेरमो अनुमंडल प्रशासन बुधवार को आईईएल स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड परिसर पहुंचा। वहां 57 आवासों में अनाधिकृत रूप से रह रहे लोगों से कब्जा मुक्त कराते हुए आवास को सील कर दिया।

इस संबंध में बेरमो एसडीएम अनंत कुमार एवं एसडीपीओ सतीशचंद्र झा ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की गई। आईईएल स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड के 57 आवासों में अनाधिकृत रूप से रह रहे लोगों से इसे मुक्त कराते हुए सील कर दिया गया है।

बता दें कि बीते 12 जून को आईईएल स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड के 57 आवासों को खाली करने का प्रशासन ने आदेश दिया था। उसके बाद पुनः प्रशासन ने 19 जून को उक्त आवास को खाली करने का आदेश जारी किया था। हालांकि लोगों की मिन्नतें के कारण प्रशासन ने आवास खाली करने के लिए 22 जून तक का समय दिया था।