सीएम ने केंद्र सरकार से इन सड़कों को फोर लेन करने का किया आग्रह

झारखंड
Spread the love

  • धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी से अवगत कराया

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उनसे बासुकीनाथ से दुमका और डुमरी से देवघर सड़क को फोर लेन करने का आग्रह किया है।

आस्था का केंद्र देवघर और बासुकीनाथ धाम

मुख्यमंत्री ने पत्र के जरिए केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया है कि देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम झारखंड का एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है। हर साल श्रावण के महीने (जुलाई और अगस्त के बीच) में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों भक्त यहां आते हैं। भगवान शिव को पवित्र गंगा जल चढ़ाते हैं। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो वर्षों से देवघर में श्रावणी मेला आयोजित नहीं किया गया है। हालांकि, कोरोना महामारी नहीं बढ़ने की स्थिति में इस साल मेला आयोजित होने की संभावना है।

सड़कों का नवीकरण जरूरी है

मुख्यमंत्री ने कहा है कि धार्मिक स्थल की ओर जाने वाली सड़कें भी अच्छी होनी चाहिए। श्रावण मास के दौरान श्रद्धालु नंगे पैर लंबी दूरी तय कर देवघर आते हैं। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के सुचारू एवं निर्बाध आवागमन के लिए देवघर एवं आसपास के क्षेत्र की सभी सड़कों की मरम्मत राज्य द्वारा अपने बजटीय संसाधनों से की जा रही है।

देवघर से भक्त बासुकीनाथ मंदिर जाते हैं, जो देवघर से 40 किमी दूर है। ये दोनों स्थान एनएच 114 ए से जुड़े हैं। इसकी स्थिति जर्जर है। एनएच 114ए के किमी 68.5 (टॉवर चौक, दुमका) से किमी 87.53 (बासुकीनाथ) तक की दो लेन सड़क को चौड़ा और मजबूत करने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वीकृत किया गया है। नवंबर, 2021 में ठेकेदार को काम सौंपा गया था। ठेकेदार द्वारा संसाधन नहीं जुटा पाने के कारण काम को मार्च, 2022 में रोक दिया गया।

मरम्मत के अभाव में सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। वर्तमान सड़क की स्थिति और श्रावणी मेले के आलोक में राज्य सरकार के पास सड़क सुधार के लिए राज्य निधि के माध्यम से आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

रोड करिडोर के रूप में विकसित किया जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवघर से बासुकीनाथ का काम एनएचएआई द्वारा फोर लेन की प्रक्रिया में है। मुख्यमंत्री ने आग्रह पूर्वक कहा है कि बासुकीनाथ से दुमका तक की वर्तमान अनुशंसित दो लेन सड़क को फोर लेन रोड करिडोर के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने आग्रह किया कि रांची से देवघर तक यातायात के प्रवाह को आसान बनाने के लिए डुमरी (एनएच-02 पर) से देवघर तक की सड़क को फोर लेने के रूप में विकसित किया जा सकता है। राज्य सरकार इसके लिए सभी तरह का सहयोग करने को तत्पर है।