कोलकाता। बंगाल दौरे के एक महीने के अंदर ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को झटका लगा है। भाजपा के लोकसभा सांसद अर्जुन सिंह कोलकाता में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में TMC में शामिल हो गए हैं। हाल ही में अर्जुन सिंह ने राज्य नेतृत्व पर आरोप लगाया था कि संगठन में एक वरिष्ठ पद पर रहने के बावजूद उन्हें ठीक से काम नहीं करने दिया जा रहा है।
भाजपा नेता ने शुक्रवार को राज्य नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा था कि मैं हाल ही में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिला था। इस दौरान उन्हें बताया था कि राज्य में संगठन की स्थिति क्या है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में समर्पित कार्यकर्ताओं को कार्य करने नहीं दिया जा रहा है, यहां तक कि मुझे भी एक वरिष्ठ पद पर रहने के बावजूद काम करने का मौका नहीं दिया जा रहा है।
वहीं भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने एएनआई को दिए बयान में कहा, मैंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में सोचेंगे।