नई दिल्ली। कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। पार्टी एक के बाद एक राज्य हारती जा रही है। राष्ट्रीय पार्टी के रूप में उसकी पहचान को भी अब खतरा महसूस होने लगा है। ऐसे में पार्टी अब किसी भी कीमत पर 2024 के लोकसभा चुनाव में सत्ता में दोबारा वापसी चाहती है। इसके लिए कांग्रेस चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से चुनावी मदद ले रही है।
कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर यानी पीके ने भी कांग्रेस को संजीवनी पहुंचाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। हाल ही में कांग्रेस की एक बैठक में पीके ने अपना रोडमैप सबके सामने रखा। माना जा रहा है कि इस रोडमैप से कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी खुश हैं। अगर सबकुछ सही रहा तो पीके के बनाए इसी रोडमैप के सहारे कांग्रेस 2024 में सत्ता में वापसी की तैयारी शुरू करेगी।
इस रोडमैप की खासियत यह है कि इसमें विपक्षी दलों के साथ गठबंधन से लेकर हर राज्य की उसकी अपनी विशेषता के अनुरूप चुनावी एजेंंडा सेट किया जाएगा। इसके लिए पूरे देश की 370 सीटों पर ही पीके ने पहले फोकस रखने को कहा है। ये वे सीटे हैं जहां कांग्रेस लंबे समय से मजबूत रही है लेकिन पिछले कुछ चुनावों में उसके वोटर खिसके हैं। पीके को उम्मीद है कि ऐसी सीटों पर उनके वोटरों को दोबारा लाना आसान होगा।
अन्य सीटों पर पीके के मुताबिक सहयोगी दलों को मौका दिया जाएगा। गठबंधन ऐसा होगा जो कांग्रेस को मजबूत करे। यूपी और बिहार जैसे राज्यों के लिए पीके ने सलाह दी है कि यहां कोई गठबंधन नहीं होगा पार्टी खुद की ताकत दिखाएगी ताकि स्पष्ट संदेश जनता में जाए।