झारखंड के सरकारी स्‍कूलों की टाइमिंग फिर बदली, ये है नया समय

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। बेतहाशा पड़ रही गर्मी को लेकर झारखंड में संचालित सरकारी स्‍कूलों के संचालन की टाइमिंग फिर बदल दी गई है। दूसरी बार समय में परिवर्तन किया गया है। कैबिनेट की बैठक के बाद शिक्षा मंत्री जगरना‍थ महतो ने टाइमिंग बदले जाने की जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि राज्‍य के सरकारी स्‍कूल अब सुबह 6 बजे से 10.30 बजे तक संचालित होंगे। हालांकि शिक्षकों को दोपहर 12 बजे तक स्‍कूल में रहना होगा। अब तक यह सुबह 6 बजे से 12 बजे तक संचालित हो रहा था। इसका आदेश 13 अप्रैल को शिक्षा सचिव राजेश कुमार शर्मा ने जारी किया था।

सचिव राजेश कुमार शर्मा की ओर से जारी आदेश में कहा था कि वर्तमान में विभिन्‍न स्रोतों से राज्‍य में पड़ रही गर्मी के आधार पर विद्यालय के समयावधि को संशोधित करने का अनुरोध किया गया है। इस आलोक में राज्‍य सरकार द्वारा विचार के बाद निर्णय लिया गया है कि विद्यालय संचालन की अवधि सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।

गर्मी की वजह से लगातार बच्‍चे और शिक्षक बीमार पड़ रहे हैं। उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती करने तक किया जा रहा है। कई जिलों में लगातार लू चल रही है। कई जगह तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है।