पांच साल से बंद पड़े रांची अर्बन हाट का फिर शुरू होगा निर्माण

झारखंड
Spread the love

  • मुख्यमंत्री के समक्ष के री-कंस्ट्रक्शन मास्टर प्लान की पीपीटी प्रेजेंटेशन रखी गई

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झारखंड मंत्रालय में लगभग 5 वर्षो से बंद पड़े अर्बन हाट रांची के री-कंस्ट्रक्शन मास्टर प्लान की पीपीटी प्रेजेंटेशन 26 अप्रैल को रखी गई। नगर निगम रांची द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण दी गई। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि रांची अर्बन हाट का निर्माण कार्य 30 अगस्त, 2016 को प्रारंभ हुआ था, परंतु किसी कारणवश निर्माण कार्य लगभग पिछले 5 वर्षों से बंद पड़ा था। वर्तमान सरकार के निर्देशा पर अर्बन हाट का री-कंस्ट्रक्शन कार्य प्रारंभ करने की योजना है। इस निमित्त नगर निगम रांची द्वारा री-कंस्ट्रक्शन मास्टर प्लान ऑफ अर्बन हाट तैयार कर ली गई है।

मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि अर्बन हाट के निर्माण के लिए पहले से ही 10 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। नए मास्टर प्लान के तहत अर्बन हाट को दिल्ली हाट के तर्ज पर बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने पीपीटी प्रेजेंटेशन देखते हुए निर्देश दिया कि अर्बन हाट में राज्य के क्षेत्रीय हस्तकला सहित विभिन्न कारीगरों को अधिक से अधिक रोजगार मिले, इसका पूरा ध्यान रखा जाए।

मौके पर मुख्यमंत्री ने रांची नगर निगम के अधिकारियों को अर्बन हाट निर्माण कार्य को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्बन हाट का निर्माण कार्य एक तय समयसीमा के अंतर्गत पूरा करें। मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, नगर आयुक्त मुकेश कुमार, अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, चीफ इंजीनियर राकेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।