मंत्री अन्नपूर्णा देवी की बैठक में नहीं आए अधिकारी, केंद्र सरकार व नीति आयोग से की शिकायत

झारखंड
Spread the love

रांची। केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी पिछले दिनों झारखंड के दौरे पर थीं। 17 अप्रैल को संताल परगना के आकांक्षी जिला दुमका में अफसरों के शामिल नहीं होने के कारण उन्हें बैठक स्थगित करनी पड़ी थी।

इस मामले को लेकर अन्नपूर्णा देवी के निजी सचिव रोहिणी आर भाजीभाकरे ने केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी के कार्यालय को पत्र लिखा है। इसमें झारखंड सरकार व दुमका डीसी के असहयोग की वजह से विकास योजनाओं की समीक्षा और स्थल निरीक्षण नहीं हो पाने की शिकायत की गई है। साथ ही इस मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया है। पत्र की कॉपी नीति आयोग को भी भेजी गई है।

दूसरी ओर राज्य सरकार की ओर से अन्नपूर्णा देवी को पत्र भेज कर बताया गया है कि राज्य में पंचायत चुनाव के कारण आचार संहिता लागू है, इसलिए बैठक नहीं हो सकती है। झारखंड में केंद्र की आकांक्षी योजनाओं की समीक्षा के लिए 30 अप्रैल तक केंद्रीय मंत्रियों को समीक्षा बैठक करनी है।

अब तक पांच केंद्रीय मंत्री झारखंड आ चुके हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल और देवु सिंह चौहान ने अपनी यात्रा रद्द कर दी।