माकपा के फिर राष्‍ट्रीय महासचिव बनें सीताराम येचुरी

अन्य राज्य
Spread the love

  • 23वीं पार्टी कांग्रेस में 85 सदस्यीय केंद्रीय कमेटी और 17 सदस्यीय पोलिट ब्यूरो का चुनाव

केरल। सीताराम येचुरी को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के फिर राष्‍ट्रीय महासचिव बनाया गया है। नई केंद्रीय कमेटी के लिए झारखंड से प्रकाश विप्लव निर्वाचित हुए। केरल के कन्नूर में 23वीं पार्टी कांग्रेस में 85 सदस्यीय केंद्रीय कमेटी और 17 सदस्यीय पोलिट ब्यूरो का चुनाव किया गया।

पार्टी कांग्रेस 10 अप्रैल को समाप्त हो गयी। इस मौके पर ईके नयनार नगर, कन्नूर स्टेडियम में विशाल जनसभा संपन्न हुई। इसमें 3 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। जनसभा को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संबोधित किया।

नवनिर्वाचित महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि इंडिया यानी भारत एक फेडरल रिपब्लिक यूनियन है। यह यूनियन राज्यों के संघ से बना है। इसलिए अनेकता में एकता की जो हमारी विरासत है, उसे कमजोर किए जाने की किसी भी साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

येचुरी ने तथा कथित सांप्रदायिक हिंदुत्व की उन्मादी और विषाक्त विचारधारा के खिलाफ बिना थके संघर्ष चलाने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि देश की वसुधैव कुटुम्बकम की गौरवशाली परंपरा और सभी धर्मों का सम्मान एवं भारत के संविधान में उल्लेखित समानता की परिकल्पना कमजोर नहीं होने देंगे।