रांची। अब आदिवासी सेंगर के नेता व पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने गुरुजी शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड को आदिवासी नेताओं ने ही लूटा। जब से अलग राज्य गठन हुआ आदिवासी ही मुख्यमंत्री रहे। यहां के आदिवासियों का विकास होने ही नहीं दिया गया। उन्होंने झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन पर बड़ा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि गुरुजी ने 1993 में झारखंड को साढ़े तीन करोड़ में बेचा और अब उनका बेटा हेमंत सोरेन भी उसी राह पर है। यह सिलसिला जारी है। पूरा सोरेन परिवार जमीन के व्यवसाय में लगा हुआ है। सालखन मुर्मू शनिवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों का अस्तित्व खतरे में है। जब तक आदिवासियों की भाषा, संस्कृति और सभ्यता नहीं बचेगी, तबतक आदिवासियों का विकास नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि राजधानी रांची में आदिवासियों का एक विशाल रैली का आयोजन होना था। इसमें देश के पांच राज्यों से करीब 50 हजार आदिवासी नेताओं का आगमन होने वाला था। लेकिन राज्य सरकार ने कोविड का हवाला देते हुए रैली करने की अनुमति नहीं दी।
सालखन मुर्मू ने कहा कि जब कोविड में पंचायत चुनव हो सकता है, तो रैली क्यों नहीं की जा सकती है। आदिवासी राज्य में आदिवासी रैली करने पर रोक यह दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आज पुरे झारखंड के आदिवासी दु:खी हैं। आदिवासी सीएम होने के बाद भी आदिवासी की रैली स्थगित की गई है।