Jharkhand Weather News

Jharkhand : चलती रहेगी लू, बुधवार से बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश संभव

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड में लू का प्रकोप जारी रहेगा। बुधवार यानी 13 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलेगा। दो दिन कई इलाकों में बारिश होने के संकेत मिले हैं। राज्‍य में अगले 5 दिन तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की उम्‍मीद नहीं है। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 11 अप्रैल की बुलेटिन में दी है।

रांची और डालटगंज में लू

मौसम केंद्र के मुताबिक सोमवार यानी 11 अप्रैल को रांची और डालटनगंज में लू की स्थिति देखी गई। रांची में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्‍य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जमशेदपुर में तापमान 42.9 डिग्री और डालटनगंज में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्‍य से क्रमश: 3.5 और 4.9 डिग्री सेसि अधिक था।

यहां आंशिक बादल छाये रहेंगे

मौसम केंद्र के मुताबिक 13 और 14 अप्रैल को राज्‍य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी भागों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। इसका प्रभाव देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां देखने को मिलेगा।

इन जिलों में लू चलेगी

राज्‍य के कई जिलों में 12 और 13 अप्रैल को कहीं-कहीं लू चलेगी। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज आदि जिलों में देखने को मिलेगा।

यहां बारिश की संभावना

केंद्र के मुताबिक 16 और 17 अप्रैल को राज्‍य के उत्तर-पूर्वी भाग में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे। यहां गर्जन और हल्‍की बारिश होने की संभावना है। इसका प्रभाव देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में देखने को मिलेगा।