इंडियास्टेट ने ‘इलेक्शन एटलस ऑफ इंडिया’ का लेटेस्ट वर्जन किया जारी

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। इंडियास्टेट ने इलेक्शन एटलस ऑफ इंडिया नामक पुस्तक का प्रकाशन आज किया। इस पुस्तक का संपादन और प्रकाशन इंडियास्टेट (Indiastat.com) के सह-संस्थापक और निदेशक डॉ आरके ठुकराल ने किया है। पुस्तक की एक प्रति डॉ ठुकराल ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त को भेंट की। वर्ष 1952 से वर्ष 2019 तक सभी संसदीय चुनावों पर वर्ष-वार व्यापक विवरण प्रस्तुत करने वाली यह अपनी तरह की एक अनोखी पुस्तक है, इसमें जनवरी वर्ष 2022 तक का अपडेट भी शामिल है।

डॉ ठुकराल ने कहा कि इलेक्शन एटलस ऑफ़ इंडिया का पहला एडिशन बहुत सफल रहा। पाठकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया भी मिली, जिस कारण आम चुनाव वर्ष 2019 के बाद इसका अपडेटेड वर्जन लाने का फैसला किया। भारत के मतदाता वर्ष, 2019 के आम चुनाव में 91 करोड़ से अधिक थे, जो अमेरिका और पश्चिमी यूरोप की संयुक्त जनसंख्या से भी अधिक है। पिछले दशक के दौरान आम चुनावों की तेजी से विकसित होने वाली गतिशीलता को देखते हुए इलेक्शन एटलस ऑफ इंडिया का लेटेस्ट वर्जन भारतीय संसदीय चुनावों के बारे में एक अनिवार्य और सूचनाप्रद संग्रह होगा।

इलेक्शन एटलस ऑफ इंडिया भारतीय संसदीय चुनावों के बारे में जानकारी की एक क्रमवार व्यवस्थित प्रकाशन है। इसके अलावा एटलस में बेहतर और सरल समझ के लिए ऐतिहासिक फोटो कोलाज, संक्षिप्त विवरण, विषयगत मानचित्रों, ग्राफ, चार्ट आदि का उपयोग किया गया है। इस पुस्तक में परिसीमन (Delimitation) के बाद और राज्यों के पुनर्गठन के दौरान उप-चुनावों और निर्वाचन क्षेत्रों में परिवर्तन के बारे में ऐतिहासिक आंकड़ों पर भी प्रकाश डाला गया है।