गोमिया के प्रवासी मजदूर रवि की महाराष्ट्र में मौत, परिवार का बुरा हाल

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। झारखंड के बोकारो, गिरिडीह व हजारीबाग जिले के प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। गुरुवार को गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चुटे खरना निवासी परमेश्वर अग्ररिया के 23 वर्षीय पुत्र रवि कुमार अग्ररिया की मौत महाराष्ट्र के सतना में हो गइ। मौत की खबर मिलते ही परिवार का बुरा हाल हो गया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि रवि दो महीने पूर्व काम करने महाराष्ट्र के सतना गया था। वहां सेटरिंग का काम कर रहा था। दो दिनों पूर्व 6 अप्रैल की रात 9 बजे सड़क पार करने के दौरान अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी रेखा देवी, माता फूलकुमारी देवी और भाई करन कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के पालन-पोषण का सारा भार मृतक पर ही था। अब परिवार के समक्ष जीविका का संकट उत्‍पन्‍न हो गया है।

इस घटना को लेकर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने कहा कि झारखंड के नौजवानों की मौत होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार मजदूर हित में कुछ पहल नहीं कर पा रही है। मजदूरों का पलायन तेजी से हो रहा है। मुंबई से पैतृक गांव शव लाने के लिए हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।

अली ने कहा कि बगोदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत घाघरा के प्रवासी मजदूर गोविंद महतो का शव पिछले 15 दिनो से दोहा कतर में पड़ा है। गिरिडीह सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैताडीह के ओमान मोहम्मद कलीम का शव 10 दिनों बाद ओमान से बुधवार को गिरिडीह पहुंचा। बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चलनियां के नाथो सिंह की मौत महाराष्ट्र के सतारा में 4 अप्रैल को हो गयी। उसका शव एम्बुलेंस से गुरुवार सुबह बिष्णुगढ़ के चलनियां पहुंचा।