आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। रामनवमी-2022 के दिन लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही ग्राम में घटी घटना को लेकर उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण की अध्यक्षता में 19 अप्रैल को शांति समिति की बैठक हुई। इसमें केंद्रीय महावीर मंडल और अंजुमन इस्लामिया के लोग शामिल हुए।
शांति के लिए दोनों समुदाय आगे आएं
उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी के दिन जो घटना हिरही ग्राम में हुई, उससे लोहरदगा जिले की छवि को काफी क्षति पहुंची है। इस घटना से सबक लेते हुए हम सभी को अपना दायित्व निभाना है। दोनों समुदायों के लोगों को अब आगे की शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए संयुक्त रूप से आगे आना होगा। दोनों समुदाय एक-दूसरे के पर्व त्यौहारों में शामिल हों, एक दूसरे का सहयोग करें। एक दूसरे से अवश्य बात करें, विशेषकर नई पीढ़ी के युवा।
दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई कर रहा
उपायुक्त ने कहा कि आपस में संवादहीनता नहीं रखें। कोई द्वेष नहीं पालें। अभी जिला प्रशासन दोषियों को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई कर रहा, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अब द्वेष पालने वाले युवाओं को सही रास्ते पर लाने का कार्य किया जायेगा। जो दोषी हैं, उन पर कार्रवाई अवश्य होगी।
युवाओं के लिए फॉरम करेंगे लॉन्च
उपायुक्त ने कहा कि लोहरदगा जिला के 15-25 वर्ष के किशोर और युवाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा जल्द ही एक फॉरम लॉन्च किया जायेगा। इंजीनियर, डॉक्टर, खिलाड़ी आदि क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वालों के लिए जिला प्रशासन कार्य करेगा। इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। अप्रैल में ही इसे लॉन्च करने की तैयारी चल रही है।
एक गलती से दो समुदाय में तनाव
पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार ने कहा कि एक गलती के कारण लोहरदगा में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। हिरही मामले में पुलिस-प्रशासन सकारात्मक सोच व निष्पक्षता के साथ कार्य कर रही है। विकास के लिए प्रशासन जनता से सिर्फ शांति का ही सहयोग चाहती है। सभी इसमें अपनी सकारात्मक भूमिका निभायें।
शांति बहाल करने पर बनी सहमति
बैठक में दोनों संगठनों की ओर से हिरही समेत पूरे लोहरदगा जिला में शांति बहाल करने पर सहमति बनी। दोनों संगठनों के लोग एक-दूसरे से गले मिले। जिला में गंगा-जमुनी तहजीब कायम करने का निर्णय लिया गया। दोनों पक्षों के लोग आने वाले दिनों में शांति, सद्भाव के लिए बैठक जारी रखने और प्रशासन को सहयोग देंने की सहमति दी।
बैठक में ये भी थे मौजूद
बैठक में केंद्रीय महावीर मंडल की ओर से ओम सिंह, लाल नवल किशोर नाथ शाहदेव, लाल अनुप नाथ शाहदेव, सोहन साहू, लाल निरंजन नाथ शाहदेव, निधि प्रसाद, अंजुमन इस्लामिया की ओर से अफसर कुरैशी, अमान अंसारी, निजाम अंसारी, हफिजुल अंसारी, आलमिन अंसारी व अन्य उपस्थित थे।