देवघर रोपवे हादसाः सभी फंसे लोगों को एयरफोर्स, आर्मी, एनडीआरए और आईटीबीपी ने मिलकर किया रेस्क्यू, चार की मौत

झारखंड
Spread the love

देवघर। राहत की खबर यह है कि देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड के त्रिकूट पहाड़ पर रोपवे हादसे में फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। रविवार की शाम चार बजे से फंसे लोगों को रेस्क्यू करने में दो दिनों का समय लग गया। सोमवार को करीब 32 लोगों को रेस्क्यू शाम तक किया गया था। अंधेरा होने की वजह से सोमवार को रेस्क्यू का काम रोक दिया गया था।

मंगलवार को अहले सुबह से रेस्क्यू का काम फिर से शुरू किया गया था। एक बजे तक रेस्क्यू का काम पूरा कर लिया गया। सभी 13 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि मंगलवार को रेस्क्यू के दौरान शोभा देवी नामक एक महिला हादसे का शिकार हो गयी। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

रेस्क्यू का काम एयरफोर्स, इंडियन आर्मी, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और जिला प्रशासन ने मिलकर किया। रेसक्यू करने में एयरफोर्स के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की अहम भूमिका रही। कुल मिलाकर 45 लोगों को रेस्क्यू किया गया। दुखद यह रहा कि इसमें चार लोगों की जान चली गयी।