सीवान। बिहार सरकार लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कार्यक्रम चला रही है। बेटियां स्कूल तक पहुंचे, इसके लिए मुख्यमंत्री साइकिल योजना भी चलाई जा रही है। वहीं श्रम संसाधन विभाग की ओर से कुशल युवा कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें राज्यभर की लड़कियां अंग्रेजी व कंप्यूटर का प्रशिक्षण लेने में लड़कों से बेहतर हैं।
विभाग की ओर से जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक सामान्य वर्ग की लड़कियों को देखें, तो 18 जिलों में लड़कों से अधिक लड़कियों ने प्रशिक्षण हासिल किया है। वहीं पिछड़ा, अतिपिछड़ा, एससी एवं एसटी वर्ग में भी लड़कियां प्रशिक्षण लेने में नौ जिलों में लड़कों से आगे हैं।
साथ ही 11 जिलों में लड़के आगे हैं। वहीं सीवान ऐसा जिला है, जहां हर वर्ग की लड़कियां प्रशिक्षण लेने में लड़कों से आगे हैं। इस योजना के तहत अब तक 10 लाख युवाओं ने प्रशिक्षण लिया है।