10 लाख का यह इनामी नक्सली जोनल कमांडर रांची से गिरफ्तार, खुल सकते हैं कई राज

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की रांची पुलिस को बुधवार को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर में छिपकर रह रहे 10 लाख रुपए के इनामी नक्सली कमांडर भीखन गंझू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली कमांडर भीख गंझू नक्सली संगठन टीपीसी का जोनल कमांडर है।

बताया गया कि रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि टीपीसी का जोनल कमांडर सह 10 लाख का इनामी नक्सली भीखन गंझू राजधानी रांची के पंडरा क्षेत्र में छिपा है। जानकारी मिलते ही पुलिस रेस हुई। एसएसपी ने स्पेशल टीम गठित कर उसकी गिरफ्तारी के जाल बिछाया। उसके बाद बुधवार को पुलिस के गिरफ्त में जोनल कमांडर भीखन गंझू फंस गया।

रांची समेत अन्य जिलों के जंगल क्षेत्र में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के लगातार सर्च ऑपरेशन के कारण नक्सली इधर-उधर भागने लगे हैं। इसी कड़ी में भीखन गंझू भी जंगल छोड़ शहर की शरण ले रखा था। लेकिन शहर में आते ही जोनल कमांडर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। 10 लाख का इनामी नक्सली भीखन गंझू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही है।

संभावना है कि पुलिस को अन्य नक्सलियों के संबंध में कई अहम जानकारी मिल सकती है। हालांकि अभी भीखन गंझू की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार जोनल कमांडर भीखन गंझू पर विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।

वहीं एनआईए के वांटेड लिस्ट में भीखन गंझू शामिल है। एनआईए को काफी समय से इसकी तलाश थी, पर वो फरार था। कोल परियोजनाओं से फंडिंग समेत कई अन्य मामलों में इसकी तलाश थी।