मजदूर ने ओवरटाइम ड्यूटी से किया इनकार, तो मिली खौफनाक सजा

झारखंड
Spread the love

बोकारो। ओवर टाइम ड्यूटी से इनकार कर देने पर मजदूर को खौफनाक सजा मिली है। ठेका मजदूर नगेंद्र कुमार यादव की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। एक मजदूर पिछले 12 घंटे से लापता है। घटना यह मामला झारखंड के बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के बियाडा स्थित डालमिया सीमेंट फैक्ट्री की है।

मजदूर बिहार के सिवान जिला का रहने वाला था। घटना के विरोध में मजदूरों लोडिंग का काम ठप करा दिया है। जिस मजदूर की मौत हुई है, वह मजरुल हक नगर हसनपुरा सिवान का रहने वाला था। वहीं गायब दूसरा मजदूर ओडिशा निवासी जुगल टेटे बताया गया है। घटना के बाद से जुगल टेटे गायब है। घटना के विरोध में बीती रात से साथी मजदूरों ने लोडिंग का काम ठप कर दिया है। मजदूरों की मांग है कि मृतक नगेंद्र के परिजनों को उचित मुआवजा दे और आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही गायब जुगल टेटे को खोज कर निकाला जाए। दोनों मजदूर श्री दुर्गा इंटरप्राइजेज में लोडर मजदूर के रूप में काम करते थे। साथी मजदूरों ने कहा कि बीती रात ठेका कंपनी के कर्मियों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की थी। जानकारी के मुताबिक नगेंद्र और गायब मजदूर जुगल ने ओवर टाइम ड्यूटी करने से इनकार कर दिया था।

उसके बाद ठेकेदार के सुपरवाइजर, ठेकेदार का पुत्र विशाल सिंह और अन्य लोग आ धमके और कमरे से उसे बाहर खींचकर इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। उसके बाद से ओडिशा निवासी मजदूर जुगल टेटे गायब है। डालमिया सीमेंट के अधिकारियों ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक शव अभी अस्पताल में पड़ा हुआ है। गायब मजदूर की बरामदगी के लिए प्रयास जारी है।