नई दिल्ली। दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 5 में सड़क हादसे में घायल हुई किशोरी से मदद के बहाने दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता के पिता ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
बाइक सवार चाचा-भतीजी सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए थे। दुर्घटना में चाचा बेहोश हो गया जबकि किशोरी घायल हो गई। इसी बीच मदद करने के बहाने पहुंचे युवक ने किशोरी को अपने साथ जबरदस्ती ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के पिता ने बताया कि 18 मार्च को उनका भाई 16 वर्षीय बेटी को लेकर सेक्टर-8 स्थित उसकी नानी के घर गया था।
इसके बाद वह किशोरी को अपनी बाइक पर बैठाकर सेक्टर-5 आ रहा था कि तभी सेक्टर में उनकी बाइक ने एक बच्चे को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनका भाई बेहोश हो गया, जबकि बेटी घायल हो गई। इसके बाद अजय नाम का एक युवक घटनास्थल पर आया और मदद के बहाने किशोरी को जबरदस्ती अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। चाचा को होश आने पर किशोरी ने सारी बात उन्हें बताई। फिर किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस शिकायत दर्ज कर मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।