उत्तर प्रदेश। घटना देवरिया जिले के गौरीबाजार के कर्माजीतपुर में बुधवार रात की है। यहां सपा और भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। इस घटना में भाजपा के चार कार्यकर्ता घायल हो गए। उनमें से एक की स्थिति गंभीर है।
योगी के मीडिया सलाहकार भाजपा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी उसे इलाज के लिए गोरखपुर ले गए हैं। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमाजीतपुर गांव के सगड़ा टोला में बुधवार की रात राम अशीष साहनी के घर कीर्तन था। कीर्तन में भाजपा और सपा कार्यकर्ता दोनों मौजूद थे। उसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
जानकारी होने पर भाजपा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने मयंक ओझा की स्थिति गंभीर देख उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। शलभ मणि त्रिपाठी घायल को लेकर गोरखपुर रवाना हो गए।
सपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह पिंटू ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके भाई समेत चार समर्थकों को पीटकर घायल कर दिया। भाजपा के लोगों ने गोली चलाई है। भाजपा प्रत्याशी का कहना है कि सपा के लोग पैसा बांट रहे थे। विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पीट दिया गया।