आईईडी ब्लास्ट में प्रयोग होने वाली सामग्री जुड़नी जंगल से पुलिस ने की बरामद

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के उग्रवाद प्रभावित जुड़नी जंगल में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आईईडी ब्लास्ट में प्रयोग होने वाली सामग्री जुड़नी जंगल से बरामद की। इससे नक्‍सलियों को बड़ा झटका लगा है।

एसपी प्रियंका मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (अभियान) दीपक पांडे के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान गौतांग पहाड़ी में नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखी गई विस्फोटक साम्रगी बरामद की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर जुड़नी जंगल के गोतांग पहाड़ में सर्च अभियान चलाया गया। इसमें 10 बंडल कोडेक्स वायर बरामद हुआ है। नक्सलियों द्वारा इसका प्रयोग आईईडी बम ब्लास्ट करने में प्रयोग करते हैं। नक्सलियों के नापाक इरादों को पुलिस के जवानों ने एक बार फिर विफल करने में सफलता हासिल की है।

नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थी, लेकिन पुलिस के लगातार ऑपरेशन के कारण नक्सली बैकफुट पर चले गए। पुलिस का अभियान देखकर नक्सली जहां-तहां विस्फोटकों का जखीरा जंगल में छुपाकर भाग रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया गया कि हाल के दिनों में कई नक्सलियों की गिरफ्तारी और नक्सलियों के मारे जाने, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद होने के बाद भाकपा माओवादी नक्सली संगठन की कमर टूट चुकी है। पुलिस के जवान लगातार नक्सलियों को मात दे रहे हैं।

नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटक और हथियार बरामद किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।