होली का मूड पड़ा भारी, महिला से की गलत हरकत, तो थाने के सामने ही पिट गए नेताजी

देश बिहार
Spread the love

रोहतास। रोहतास में होली का मूड एक नेताजी को भारी पड़ गया। होली के माहौल में नेता जी एक महिला से छेड़खानी कर बैठे। उसके बाद नेताजी की वह मरम्मत हुई कि कुछ देर के लिए वहां मौजूद कोई कुछ समझ ही नहीं पाया। महिलाओं ने लात-घूसे और जूते-चप्पल से नेताजी की जमकर पिटाई कर दी।

महिला ने थाने के सामने ही नेता जी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। नेताजी किसी तरह गिरते पड़ते महिला थाने में पनाह ली और अपनी जान बचाई। आरोपी नेताजी की पहचान मोद नारायण सिंह के रूप में हुई है। नेताजी एक पार्टी के श्रमिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर हैं।

पीड़ित महिला का कहना है कि मोहन बिगहा में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। उसमें मोहल्ले के लोग भी गए हुए थे। बाद में उस कार्यक्रम से जब वह लौट रही थी, तो मोद नारायण सिंह ने उसे अपने घर के पास आवाज देकर बुलाया। जब वह उसके घर पहुंची, तो वह दरवाजे बंद कर छेड़खानी करने लगा। उसके बाद महिला घर की छत पर चढ़ गई और शोर मचाने लगी।

महिला की शोर को सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। महिला ने नेताजी पर अपने कपड़े फाड़ देने का भी आरोप लगाया। लोगों ने महिला को घर से बाहर निकाला। उसके बाद महिला नेताजी की शिकायत करने महिला थाने पहुंच गई। जब मोद नारायण सिंह को इसकी जानकारी मिली, तब वे भी अपने दो गुर्गों के साथ महिला थाने पहुंच गए और महिला को धमकी देने लगे।

मोद नारायण के इस रवैए से अन्य महिलाएं भी उग्र हो गईं और फिर क्या था-महिला थानेके गेट पर ही नेताजी पर लात-घूसे और जूते-चप्पल की बरसात होने लगी। उसके बाद नेताजी किसी तरह थाने में गिरते-पड़ते भागे और अपनी जान बचाई।

महिलाओं का कहना है कि अबला जान कर क्या कोई भी उन पर हाथ डाल सकता है ? इस तरह के कुकृत्य को महिलाएं कभी बर्दाश्त नहीं करेंगी। महिलाएं आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही हैं और उसके खिलाफ महिला थाने में आवेदन भी दिया गया है।