बोकारो के पेटरवार में नाबालिग से रेप, सांसद ने पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किये सवाल

झारखंड
Spread the love

बोकारो। शर्मनाक खबर बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र से आयी है। यहां एक नाबालिग से दुष्कर्म हुआ है। घटना बुधवार की देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की घर से स्कूल के निकली थी। देर शाम तक जब घर वापस नहीं लौटी, तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात उसे बेहोशी की हालत में देखा गया।

आनन-फानन में उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां बताया गया की लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी हॉस्पिटल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। सांसद ने कहा कि पुलिस परिजनों पर दबाव बना रही है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

इस मामले को लेकर जब बोकारो एसपी और पेटरवार थानेदार को फोन किया गया, तो अधिकारियों ने घटना की जानकारी देने से इंकार किया। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि पुलिस मामले की ज्वाइंट मेडिकल टीम बनाकर जांच करे, अगर पुलिस की नजर में घटना नहीं हुई है, तो दो आरोपियों को गिरफ्तार क्यों किया गया है।