जेपीएससी ने छठी सिविल सेवा का रिवाइज्‍ड रिजल्‍ट किया जारी, यहां देखें

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा-2016 का रिवाइज्‍ड रिजल्‍ट जारी कर दिया है। आयोग ने झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के आलोक में यह कदम उठाया है।

आयोग ने जारी रिजल्‍ट में कहा है कि L.P.A संख्या-201/2022 में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा 23 फरवरी, 2022 को पारित आदेश के बाद झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा-2016 का संशोधित परीक्षाफल प्रकाशित किया गया है। इसका विज्ञापन (संख्या-23/2016) था। संशोधित रिजल्‍ट आयोग की वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर उपलब्ध है।

जानकारी हो कि छठी सिविल सेवा रिजल्‍ट के आधार पर 326 अधिकारियों की नियुक्ति हुई थी। कई अभ्‍यर्थियों ने इसमें गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सरकार से इसे रद्द करने की गुहार लगाई थी। वहां सुनवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट का रूख किया था। सुनवाई के बाद सिंगल बेंच ने संशोधित रिजल्‍ट जारी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद चयनित अभ्‍यर्थियों ने डबल बेंच में इसे चुनौती दी थी। डबल बेंच ने सिंगल बेंच के फैसले को बरकरार रखा था।