Jharkhand : इन शर्तों के साथ 7 मार्च से खुलेंगे सात जिलों में कक्षा 1 से स्‍कूल, आदेश जारी

झारखंड मुख्य समाचार शिक्षा
Spread the love

रांची। झारखंड सरकार ने रांची सहित सात जिलों में 7 मार्च से कक्षा 1 से 8 तक स्‍कूल खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि इस दौरान स्‍कूल प्रबंधन को कई शर्तों का पालन करना होगा। इसका आदेश स्‍कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने 4 मार्च को जारी किया।

सचिव ने इस संदर्भ में रांची, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, चतरा, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावा एवं बोकारो के उपायुक्‍तों को सूचित किया है। दक्षिणी छोटानागपुर कोल्‍हान, उत्तरी छोटानागपुर संथाल परगना के क्षेत्रीय संयुक्त शिक्षा निदेशक सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को भी जानकारी दी है।

सचिव ने आदेश में कहा है कि राज्य के सभी प्राथमिक सरकारी एवं निजी विद्यालय 17 मार्च, 2020 से वैश्विक महामारी कोरोना के कारण बंद हैं। कक्षा 6 से 12 के विद्यालयों को कोविड-19 के सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए खोला गया था, लेकिन तीसरी लहर के कारण पुनः 3 जनवरी, 2022 से बंद किया गया। इस परिस्थिति में भी राज्य में अध्ययन-अध्यापन का कार्य विद्यालयों द्वारा अपने स्तर से ऑनलाईन डिजीटल माध्यम से कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कक्षा 1 से 12 के छात्रों के पठन-पाठन की व्यवस्था शिक्षकों के मार्गदर्शन में उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय को कोविड-19 से बचाव के उपायों के साथ खोला जाना महत्वपूर्ण हो गया है। इस संदर्भ में भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के आलोक में झारखंड के गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेश पर 17 जिलों में स्थित सभी शिक्षण संस्थानों में वर्ग 1 से 12 की कक्षाओं के संचालन के लिए खोले जाने का निर्णय लिया गया था।

सचिव ने लिखा है कि शेष 7 जिलों में केवल कक्षा 9 से 12 का ही संचालन का निर्णय लिया गया था। पुनः राज्य सरकार के गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेश के आलोक में इन जिलों में कक्षा 1 से 8 के संचालन का निर्णय लिया गया है। सचिव ने विद्यालयों को खोलने में कई दिशा-निर्देश दिए।

इसके तहत राज्य में संचालित सभी CBSE/ CISCE बोर्ड से संबद्ध मान्यता प्राप्त गैर सरकारी, निजी विद्यालयों को अभिभावकों की सहमति से ही छात्रों को स्‍कूल बुलाने की अनुमति होगी। इसके साथ ही सभी विद्यालय ऑनलाईन माध्यम से भी अन्य सभी कक्षाओं का संचालन पूर्व की भांति करते रहेंगे। इन 7 जिलों में कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षा 31 मार्च, 2022 के बाद निर्धारित की जायेगी।

सचिव ने गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेश के आधार पर विद्यालयों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की बात कही है। दिशानिर्देशों का सख्ती से अनुपालन करते हुए सभी विद्यालयों के वर्ग 1 से 8 की कक्षाओं का संचालन की व्यवस्था 7 मार्च, 2022 के प्रभाव से सुनिश्चित कराने को कहा है।