चतरा की लाठीचार्ज की जांच करेगी कांग्रेस की 6 सदस्यीय समिति

झारखंड
Spread the love

रांची। चतरा जिले की पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए कांग्रेस ने 6 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे के अनुमोदन के बाद झारखंड अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इसका गठन किया है। कमेटी घटनाक्रम की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि जांच समिति में कार्यकारी अध्यक्ष सह विधायक बंधु तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष शाहजादा अनवर, विधायक उमाशंकर अकेला, विधायक अम्बा प्रसाद, जोनल को-ऑर्डिनेटर भीम कुमार और चतरा जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद दूबे शामिल हैं।

जानकारी हो कि 7 मार्च को चतरा जिला के टंडवा प्रखंड अंतर्गत आंदोलनरत एनटीपीसी द्वारा विस्थापित रैयतों पर उपायुक्त, एसडीओ सिमरिया, अंचलाधिकारी टंडवा एवं टंडवा थाना प्रभारी के निर्देश पर लाठीचार्ज किया गया था। इसमें महिला एवं बच्चों समेत सैकड़ों की संख्या में लोग घायल हो गये थे। घटना के बाद 90 भू-रैयतों/विस्थापितों एवं 500 अज्ञात व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया गया।

मुंजनी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने जांच समिति को निर्देश दिया है। घटना की भौतिक जांच कर समेकित रिपोर्ट समिति को 15 मार्च तक प्रदेश कार्यालय में जमा करना है।