अब रौब के लिए लाइसेंसी हथियार नहीं चमका पाएंगे रसूखदार

झारखंड
Spread the love

पलामू। अविभाजित पलामू में नक्सल हिंसा और अन्य खतरों को देखते हुए बड़े पैमाने पर लोगों को हथियारों के लाइसेंस जारी किए गए थे। एक वक्त था जब पलामू में हर 320 में से एक व्यक्ति के पास लाइसेंसी हथियार था। हालांकि अब पलामू में लाइसेंसी हथियारों की संख्या में कमी आयी है, लेकिन पलामू प्रमंडल में अभी भी 3000 से अधिक लोगों के पास हथियारों के लाइसेंस हैं।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि कई लोग रौब दिखाने के लिए लाइसेंसी हथियारों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार कई लाइसेंसधारी सोशल मीडिया में भी अपने लाइसेंसी हथियार के साथ फोटो को अपलोड कर रहे हैं और सार्वजनिक स्थानों पर भी इसका प्रदर्शन कर रहे हैं।

पलामू प्रमंडल में पुलिस ने रौब दिखाने वाले लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की योजना बनाई है। पलामू रेंज के डीआईजी राज कुमार लकड़ा ने बताया कि ऐसे लोगों की सूची तैयार की जा रही है रौब के लिए हथियार दिखाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उनके हथियारों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।

पूरे मामले में पलामू गढ़वा लातेहार के पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। पुलिस पूरे मामले को लेकर सख्त है। पुलिस लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाना स्तर पर निगरानी शुरू की है।

रौब दिखाने वाले लाइसेंस धारकों का पुलिस फोटो और वीडियो इकट्ठा कर रही है। पलामू गढ़वा और लातेहार में सबसे अधिक पलामू में करीब 1830 लोगों के पास हथियारों के लाइसेंस हैं।