पोस्टिंग के नाम पर शिक्षक से मांगे पैसे, संघ ने दिखाया बाहर का रास्ता

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की राज्य सलाहकार समिति के सदस्य उत्तील यादव ने विगत दिनों संघ के अजपता सेंट्रल ग्रुप में एक ऑडियो पोस्ट की थी। इसमें मध्य विद्यालय सिंहपुर, सिल्ली के सहायक शिक्षक खलील अंसारी द्वारा रांची में प्रोन्नति के उपरांत पोस्टिंग के नाम पर शिक्षक कयूम अंसारी से पैसे की मांग की जा रही थी।

सलाहकार की चिंता, सलाह एवं जांच के बाद खलील अंसारी, जिला प्रवक्ता शैलेंद्र शर्मा, पूर्व प्रवक्ता संजय सिन्हा को संघ की मर्यादा के प्रतिकूल कार्य करने और संघ की छवि को धूमिल करने के आरोप का दोषी पाया गया। उन्हें तत्काल प्रभाव से संघ से निष्कासित किया गया। तीनों सिल्ली में पदस्थापित हैं।

संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने बताया कि रांची जिला अध्यक्ष सलीम सहाय को निर्देश दिया गया है कि ऐसे विघटनकारी तत्वों से सावधान रहें। उचित दूरी का पालन करें। उपरोक्त शिक्षकों के विरुद्ध सिल्ली प्रखंड के शिक्षकों ने प्रदेश अध्यक्ष को भी पत्र लिखकर संघ से तत्काल हटाने की मांग की। सभी को व्हाट्सएप ग्रुप से बाहर करने की भी बात कही।

संघ का मानना है कि ऐसे शिक्षकों के क्रियाकलापों से संगठन की छवि धूमिल होती है। इसलिए उक्त लोगों को तत्काल प्रभाव से संघ से निष्कासित किया जाता है।