मुंबई जा रही महिला रांची एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, वजह जान सन्न रह जाएंगे आप…

झारखंड देश
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची से नवजात को खरीद कर मुंबई ले रही महिला निखत परवीन (36) को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। महिला को ह्यूमन ट्रैफिकिंग के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई कोतवाली एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने की पुलिस ने की।

आरोपी ने नवजात को सोनाहातू की रतनी देवी से 22 हजार रुपए में खरीदने की बात स्वीकारी है। उसने बताया कि उसे बगोदर की ही एक महिला से रतनी के जुड़वां बच्चा होने की जानकारी मिली थी। उसके बाद एयरपोर्ट थाने ने आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी महिला को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने को सौंप दिया। आरोपी महिला अपने पति के साथ मुंबई के ठाकुरपाड़ा अपर नाइस स्कूल गाजी महल के ग्राउंड फ्लोर में रहती है।

पति का नाम जावेद शेख है। बरामद नवजात को पुलिस ने सीडब्ल्यूसी के सामने प्रस्तुत कर शेल्टर होम में भेज दिया। महिला की योजना बच्चे को ले जाकर बेचने की थी या पालने की, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी। आरोपी महिला का कोई लड़का नहीं है और वह एक बेटा चाहती थी। वह सिर्फ मैट्रिक तक पढ़ी है और उसकी दो बेटियां हैं। माता-पिता हजारीबाग जिले में रहते हैं। महिला का पति मुंबई में जनता होटल में वेटर का काम करता है।

अब महिला के पते का सत्यापन करने के लिए पुलिस की एक टीम को मुंबई भेजा जाएगा। पुलिस बच्चे की मां का भी बयान लेगी कि आखिर उसने गरीबी के कारण अपने नवजात को बेचा था या किसी दूसरे कारण से उसने आरोपी महिला को नवजात दिया था।