झारखंड में महिला के साथ हैवानियत, जानें पूरा मामला

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

सिमडेगा। झारखंड में फिर हैवानियत। राज्‍य के सिमडेगा जिले में एक बार फिर महिला को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महिला का इलाज अस्‍पताल में चल रहा है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा उन्हें देखने देवकमल अस्पताल पहुंचे।

यह घटना सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के कुड़पानी गांव का है। महिला को डायन बिसाही के आरोप में जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। पुलिस की तत्परता से महिला को बचा लिया गया है।

जिंदा जलाने के प्रयास में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। पुलिस ने इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। बाद में महिला को रांची के देवकमल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

पुलिस ने महिला को जलाने के आरोप में महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।

बता दें कि कुछ दिन पहले सिमडेगा में ही लकड़ी कारोबारी संजू प्रधान को भीड़ ने जिंदा जलाकर मार दिया था। संजू प्रधान पर आरोप था कि वह लकड़ी काटकर बेच दिया करता था। पुलिस इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।