उत्तर प्रदेशः निषाद पार्टी अब BJP के साथ गठबंधन में 15 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में निषाद पार्टी एक बार फिर भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन में 15 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सीटों को सोमवार को दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत के दौरान अंतिम रूप जाएगा।

लोकसभा चुनाव 2019 में निषाद पार्टी का भाजपा से समझौता हुआ था। तब निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बेटे प्रवीन निषाद को भाजपा ने संतकबीरनगर से अपना प्रत्याशी बनाया था और वे जीते भी थे। विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले भाजपा ने डॉ. संजय निषाद को एमएलसी बना दिया। अब सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है।

मालूम हो कि निषाद समाज की आरक्षण राजनीति से ही डा.संजय निषाद को सियासत में तरक्‍की मिली है। गोरखपुर जिले में गठित हुई निषाद पार्टी आज सूबे की राजनीति में अहम हो गई है। यूपी की 144 से अधिक विधानसभा की सीटों पर निषाद और उनकी अन्य उपजातियों का दबदबा है। इस वोट बैंक पर यूपी के सभी सियासी दलों की नजर है।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक राज्य में चुनाव 10 फरवरी, 14 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और सात मार्च को होना है। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।