कुंवारी मां बनी चतरा जेल में बंद युवती, जानें उसके नवजात के साथ क्या हुआ…

अपराध झारखंड
Spread the love

चतरा। चतरा मंडल कारा में बंद एक अविवाहित युवती ने दस दिन पूर्व सदर अस्पताल में एक नवजात को जन्म दिया था। शनिवार की रात इलाज के दौरान उस नवजात की मौत हो गई। जन्म के साथ ही बच्चा कमजोर था और मंडल कारा में ही नवजात की देख-रेख चल रही थी। इसी बीच शनिवार की रात नवजात की तबीयत अत्यंत बिगड़ गई। उसके बाद उसे सदर अस्पताल चतरा ले जाया गया।

वहां अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राजीव राजन ने नवजात को एसएनसीयू में भर्ती कराया। लेकिन भर्ती होने के कुछ ही घंटों के बाद शिशु की मौत हो गई। नवजात शिशु के शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। दरअसल हंटरगंज थाना में प्रेमी की हत्या में सात महीने पूर्व माता-पिता के साथ एक युवती को न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेजा गया था। वहां वह पहले से ही दो माह की गर्भवती थी। दस दिन पूर्व उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई।

आनन-फानन में मंडल कारा पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका सामान्य प्रसव कराया गया। चिकित्सक के मुताबिक उस समय नवजात ठीक था। उसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को मंडल कारा भेज दिया गया। वहां देखरेख के अभाव में नवजात की तबीयत खराब हो गई और सदर अस्पताल में भर्ती कराने के कुछ ही घंटों के बाद उसकी मौत हो गई।