पलामू। बड़ी खबर पलामू से आयी है। नक्सलियों के प्रतिरोध सप्ताह के मद्देनजर पुलिस की ओर से चलाये जा रहे अभियान में बीती रात झारखंड के पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुसुरमू जंगल में पुलिस के साथ उग्रवादियों की मुठभेड़ हो गयी। पुलिस को देखकर उग्रवादियों ने फायरिंग की।
हालांकि इसके बाद भी पुलिस की ओर से की गयी कार्रवाई में तीन उग्रवादी पकड़े गये। जिनके पास से तीन भरठूआ बंदूक के अलावा भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये हैं। जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुसुरमू जंगल में कार्रवाई की गयी।
पुलिस को देख उग्रवादियों ने गोलीबारी भी की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उग्रवादी भागने लगे और पुलिस ने जान जोखिम में डालकर तीन उग्रवादियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों में टीपीसी के ननहका यादव, कैला यादव, मदन यादव शामिल हैं।