स्वास्थ्य सचिव का सुझाव मानने पर बंद होंगे शिक्षण संस्थान

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। अपर स्वास्थ्य मुख्य सचिव का सुझाव मान लिए जाने पर झारखंड में शिक्षण संस्थान फिर बंद हो जाएंगे। सभी जगह ऑनलाइन क्लास चलेगा। राज्य में बढ़ते कोरोना के मामले पर नियंत्रण करने के लिए अपर मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह ने आपदा प्रबंधन सचिव को 2 जनवरी को पत्र लिखकर कई सुझाव दिए हैं।

अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि पब्लिक पार्क, स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स, स्टेडियम आदि को 15 जनवरी तक बंद कर दिया जाए। स्विमिंग पुल, जिम भी 15 जनवरी तक बंद किया जाए। सभी धार्मिक स्थलों को बंद कर दिया जाए या भक्तों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया जाए।

मेला हाट बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जाए। किसी तरह के समारोह या वैवाहिक कार्यक्रम में डबल डोज टीका के साथ अधिकतम 50 फीसदी उपस्थिति की मंजूरी दी जाए। गैर आवश्यक दुकानें अल्टरनेट डे पर शाम 5 बजे तक खोलने की अनुमति दी जाए।

स्कूल, कॉलेज कोचिंग को अगले आदेश तक बंद कर दिया जाए। आनलाईन क्लास चलें। रेस्टोरेंट को बंद कर दिया जाए। होम डिलीवरी की छूट दी जाए।

ऑफिस को 50% उपस्थिति के आधार पर खोला जाए। एसी, और हिटर ऑफिस में यूज करने की मनाही हो। बायोमेट्रिक अटेंडेंस पर रोक लगाई जाए। मॉल को बंद कर दिया जाए या मॉल में क्षमता के 25 फ़ीसदी ग्राहकों की अनुमति दी जाए। ग्राहकों को वैक्सीन का डबल डोज लगना अनिवार्य हो।

नाइट कर्फ्यू शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक लगाई जाए। गैरजरूरी दुकान हर रविवार को बंद रखा जाए। सभी लोगों के लिए मास्क अनिवार्य किया जाए। दूसरे राज्यों में जाने वाले लोग और आने वाले लोगों के लिए वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अनिवार्य कर दिया जाए।