पलामू। पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना साने आयी है। यहां एक दिव्यांग महिला ने बच्ची को जन्म दिया। लेकिन उसके बाद से ही उसकी नवजात बच्ची गायब है। महिला के पिता ने ससुराल वालों पर बच्ची को जिंदा दफनाने का आरोप लगाया है। इस मामले में दिव्यांग महिला के पिता ने सतबरवा थाने में लिखित शिकायत की है। शिकायत में परिजनों पर गंभीर आरोप लगाया है। महिला के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर बच्ची को दफनाने या किसी को देने की आशंका जाहिर की है।
सतबरवा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार राय ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता ने कई आरोप लगाए हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पीड़िता से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। 28 दिसंबर को सतबरवा इलाके के रहने वाली दिव्यांग महिला ने एक निजी क्लीनिक में तीसरी बच्ची को जन्म दिया। दिव्यांग महिला की पहले से दो बेटियां हैं।
तीसरी बच्ची जन्म लेने के बाद से ही लापता है। ग्रामीणों ने बताया कि दिव्यांग महिला ने मृत बच्ची को जन्म दिया है। यह जानकारी उनके परिजनों ने गांव वालों को दी थी। हालांकि अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित घर गए हैं। पीड़िता के पति और मायके वालों ने परिजनों पर बच्ची को जिंदा दफनाने या बच्ची को किसी को देने का गंभीर आरोप लगाया है।