साल के पहले दिन बड़ा हादसा, वैष्‍णो देवी में भगदड़ मचने से 12 श्रद्धालुओं की मौत

अन्य राज्य मुख्य समाचार
Spread the love

जम्मू कश्‍मीर। नए साल की शुरुआत में जम्मू कश्मीर में बड़ा हादसा हो गया है। कटरा स्थित वैष्णो देवी में भगदड़ मचने से 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इसमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन की घोषणा भी की है।

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोग की मौत हो गई। उनके मुताबिक 13 लोग घायल हुए हैं। घटना लगभग सुबह 2.45 बजे हुई। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार एक तर्क छिड़ा, जिसके परिणामस्वरूप लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया। फिर भगदड़ मच गई।

कटरा के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र के डॉ गोपाल दत्त ने बताया कि माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हुई है। घायलों को नारायणा अस्पताल में भर्ती कर दिया है।

घटना की जांच के लिए उप राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने कमेटी गठन कर दिया गया है। जम्मू कश्मीर के गृह सचिव कमेटी के अध्यक्ष हैं। एडीजीपी और डिविजनल कमिश्नर इसके सदस्य बनाए गये हैं। कमेटी से जल्‍द रिपोर्ट मांगी गई है।

जम्मू-कश्मीर उप राज्‍यपाल मनोज सिन्हा ने अनुग्रह राशि की घोषणा की है। इसके तहत भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपए और घायलों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया। कहा कि माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएंगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। मैंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।