बगोदर के भाकपा विधायक विनोद सिंह की माता शांति देवी का निधन, आज की तारीख को पिता भी हुए थे शहीद

झारखंड देश
Spread the love

रांची। दुखद खबर झारखंड के बोकारो से आयी है। बगोदर विधायक विनोद सिंह की मां और शहीद महेंद्र सिंह की पत्नी शांति देवी (65 वर्ष) का आज निधन हो गया। उन्होंने तड़के ही बोकारो में अंतिम सांस ली। विधायक विनोद सिंह ने फेसबुक के जरिये यह जानकारी साझा की है।

उनके मुताबिक वे लंबे समय से मधुमेह की मरीज थीं। तबीयत खराब होने के बाद 27 दिसंबर को उन्हें बीजीएच बोकारो में भर्ती कराया गया था। विधायक ने बताया उनका अंतिम संस्कार खंभरा ( बगोदर) गांव में होगा। दिलचस्प यह रहा कि आज की ही तारीख में (16 जनवरी) वर्ष 2005 में शांति देवी के पति और पूर्व विधायक महेंद्र सिंह शहीद हो गये थे।

महेंद्र सिंह की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी। भाकपा (माले) की ओर से महेंद्र सिंह के शहादत दिवस की तैयारी की जा रही थी। शांति देवी के निधन की खबर सामने आते ही अब बगोदर सहित राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई है। सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।