चक्रवात तूफान ‘रेमल’ से 27 लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख

अन्य राज्य देश
Spread the love

मिजोरम। पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बाद दुखद खबर मिजोरम से आई है, जहां चक्रवात तूफान ‘रेमल’ की वजह से आइजोल जिले में 27 लोगों की मौत हो गई। बारिश के बाद भूस्खल की वजह से सभी की मौत हुई।

इधर मिजोरम के मुख्यमंत्री ने दुख जताते हुए मुआवजे की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा राहत कोष के लिए 15 करोड़ रुपये की घोषणा की है। सूचना और जनसंपर्क विभाग ने बताया, सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मिजोरम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एमएसडीएमए) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि एक भीषण भूस्खलन के कारण आइजोल जिले में पत्थर की खदान धंसने से दो नाबालिगों समेत 27 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य लापता हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी हिस्से में स्थित मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को मिजोरम के आइजोल के पास पत्थर की खदान ढहने से लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और बचाव एवं राहत कार्यों की सफलता कामना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, मिजोरम में आइजोल के पास पत्थर की खदान ढहने से लोगों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं बचाव और राहत कार्यों की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।