विवेक चौबे
गढ़वा। घर के पास स्थित कुएं में ट्रैक्टर ने छलांग लगा दी। इसकी आवाज आते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। यह घटना झारखंड के गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर गांव की है।
जानकारी के मुताबिक गांव के दुखी राम के घर के समीप सड़क के बगल में कुआं है। इसमें अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने रात में छलांग लगा दी। इसकी आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण देखने के लिए जमा हो गए। ग्रामीणों ने बरडीहा पुलिस को जानकारी दी।
थाना प्रभारी सुमंत राय अपने दल-बल के साथ पहुंचे। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी ली। जेसीबी मशीन की मदद से कुएं में गिरे ट्रैक्टर को बाहर निकाला। पुलिस ट्रैक्टर को थाना ले गई।
स्थानीय लोगों ने बताया गया कि दिन-रात बांकी नदी से अवैध बालू का उठाव धड़ल्ले से किया जा रहा है। प्रखंड क्षेत्र में लाकर दोगुने दामों पर इसकी बिक्री की जा रही है। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। इसकी सूचना कई बार विभाग को दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत टड़हे गांव निवासी साबुद्दीन अंसारी का उक्त ट्रैक्टर है। चालक सुरक्षित है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।