रांचीः चान्हो के सिलगाई में जिला प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, जानें वजह

अपराध झारखंड
Spread the love

रांची। अभी-अभी बड़ी खबर राजधानी रांची के चान्हो थाना के सिलगाई से आ रही है। यहां एकलव्य स्कूल के निर्माण पर चल रहे विवाद ने आज मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया है। रांची जिला प्रशासन ने सिलगाई में मंगलवार को ग्रामसभा का आयोजन किया। इसमें पुलिस ग्रामीणों से वहां स्कूल का निर्माण कराने और नहीं कराने के बारे में राय लेने वाली थी। इस दौरान ग्रामीण उग्र हो गये और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। इसमें दोनों तरफ से लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायल होने वालों में 5 से ज्यादा पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। फिलहाल स्थिति तनावपू्र्ण बनी हुई है। एहतियातन प्रशासन ने 10 थानों से लगभग 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को बुला लिया है।

ग्रामसभा के आयोजन के लिए जिला मुख्यालय से एसडीएम खुद मोर्चा संभाल रहे हैं। वे खुद घटना स्थल पर मौजूद हैं और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। यहां बता दें कि आदिवासी संगठन अमर शहीद वीर बुधु भगत के स्मारक स्थल पर विद्यालय निर्माण का विरोध कर रहे हैं।

उनका कहना कि इस स्थान से शहीद वीर बुधु भगत की आस्था जुड़ी है। सरकार जहां चाहे स्कूल का निर्माण करा ले। यहां स्कूल का निर्माण नहीं होने देंगे।