- जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त को सौंपा आधिपत्य
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के आलोक में योगदा सत्संग आश्रम, बहुबाजार से शांति नगर, कोकर तक (वाया कांटाटोली चौक) फ्लाई ओवर परियोजना अन्तर्गत मौजा- कोनका एवं सीरम में भूमि अधिग्रहण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया गया है।
अर्जित भूमि की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरान्त रांची जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्रीमती अंजना दाह द्वारा रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन को परियोजना निदेशक जुडको अरविंद मिश्रा की उपस्थिति में अधिपत्य 29 नवंबर, 2022 को सौंप दिया गया।
आपको बताएं कि 1 नवंबर, 2022 को कांटाटोली फ्लाई ओवर निर्माण कार्य का निरीक्षण मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा किया गया था। मुख्यमंत्री द्वारा 30 नवंबर, 2022 तक भू-अर्जन की प्रक्रिया पूर्ण कर लेने का निर्देश रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा को दिया गया था।
उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा उक्त के आलोक में रांची जिला भू-अर्जन पदाधिकारी से परियोजना की भूमि अधिग्रहण की प्रगति के संबंध में लगातार समीक्षा की गई। निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया गया।