Jharkhand : कल से उत्तर दिशा से चलेगी हवा, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। मंगलवार से उत्तर दिशा से हवा चलेगी। अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 4 डिग्री सेल्‍स‍ियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। वर्तमान में कोई भी सिस्टम नहीं है। बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। यह जानकारी एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने दी है।

मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में झारखंड में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक बारिश घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम) में 15.4 मिली मीटर रिकॉर्ड कि‍या गया। बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आनंद के मुताबिक चक्रवात ‘जवाद’ का असर पूर्वोत्तर राज्यों में देखने को मिल रहा है। अभी हवाएं पूर्व दिशा से ही चल रही है। कल यानी मंगलवार से हवा के रुख में बदलाव देखने को मिलेगा। हवा उत्तर दिशा से आने लगेगी। इसके कारण अगले दो-तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

आनंद के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में उसका असर देखने को मिलेगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है। झारखंड में 10 और 11 दिसंबर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले 5 दिन झारखंड में मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी।