रांची। चक्रवात ‘जवाद’ डीप डिप्रेशन में तब्दील होकर ओडिशा तट के पास बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर ओडिशा तट के साथ पश्चिम बंगाल तट की ओर बढ़ने और 5 दिसंबर 2021 की मध्यरात्रि के आसपास निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर होने की संभावना है।
इसका असर झारखंड के विभिन्न इलाकों में देखने को मिलेगा। रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के अपडेट जारी कर इसकी जानकारी दी है। केंद्र के मुताबिक अगले 24 घंटे में रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरने की उम्मीद है।
मौसम केंद्र के अनुसार 6 दिसंबर को दक्षिण-पूर्वी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसका असर पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज आदि जिलों में देखने को मिलेगा।