रांची के चुटिया में चॉकलेट का लालच देकर चार साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म

अपराध झारखंड देश
Spread the love

रांची। राजधानी रांची में अपराध चरम पर है। अपराधियों के मन से खौफ निकल सा गया है। महिलाओं के साथ-साथ यहां अब छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में एक चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला गुरुवार को सामने आया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी मासूम बच्ची का पड़ोसी है और वह भी 16 साल का नाबालिग है। घटना की जानकारी मिलते ही चुटिया पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बच्ची की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित बच्ची का मेडकल कराया गया। आरोपी को आज शुक्रवार को रिमांड होम भेजा जायेगा।

इस बाबत सिटी डीएसपी दीपक कुमार ने बताया कि घटना 12 दिसंबर की शाम की है़। बच्ची और लड़का पड़ोसी हैं। शाम को बच्ची घर के बाहर घूम रही थी, उसी समय लड़का उसे चॉकलेट- बिस्कुट के बहाने बहला-फुसला कर अर्द्धनिर्मित मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में बच्ची घर पहुंची, तो उसने रोते रोते मां को घटना की पूरी जानकारी दी।

उसकी मां ने घर के सदस्यों और मुहल्ले के लोगों से विचार विमर्श करने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराने की सोची। उसके बाद बुधवार (15 दिसंबर) की रात बच्ची के परिजनों ने चुटिया थाना पुलिस को सूचना दी और उसके बाद इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी। प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद चुटिया थाना प्रभारी वेंकटेश कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग लकड़े को गिरफ्तार कर लिया।