पलामू में मुन्नाभाई एमबीबीएस ने ली गर्भवती महिला की जान, इंजेक्शन लगाते ही सो गई मौत की नींद

अपराध झारखंड देश
Spread the love

पलामू। पलामू जिले में मुन्नाभाई एमबीबीएस (झोलाछाप डॉक्टर) के फेर में फंस कर एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से वह डॉक्टर फरार है। बताया जा रहा है कि झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से कुछ ही देर बार महिला की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। पलामू के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में रिताम देवी नाम की गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा के बाद धनंजय यादव नाम के झोलाछाप डॉक्टर के पास गई थी। उसके बाद उसने रिताम को इंजेक्शन दिया। इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद रिताम देवी की मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने बताया था कि प्रसव के लिए ऑपरेशन करना होगा, जिसके बाद वह उसे कमरे में ले गया और इंजेक्शन दिया। कुछ देर बाद ही वह आया और बोला कि महिला की हालत खराब है, उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाएं। परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो रिताम देवी की मौत हो गई थी।

मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया, तो झोलाछाप डॉक्टर और अन्य कर्मी वहां से फरार हो गए। मृतक के परिजनों के अनुसार झोलाछाप डॉक्टर ने पहले दो लाख रुपए देकर मामले को दबाना चाहा। लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं हुए और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पूरे मामले पर पलामू सिविल सर्जन डॉ अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस को जानकारी दी गई है और झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।