अपने स्‍वरूप में आ रहा चक्रवाती तूफान ‘जवाद’, जानें वर्तमान हालात

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। चक्रवाती तूफान ‘जवाद’ धीरे-धीरे अपने स्‍वरूप में आ रहा है। पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गहरे दबाव में डिप्रेशन तेज हो गया। अगले 12 घंटों के दौरान इसके चक्रवाती तूफान में बदलकर तेज होने की सभावना है। फिर उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तटों पर टकराने की संभावना है। इसके लिए चक्रवात अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम केंद्र के मुताबिक बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी पर दबाव पिछले 06 घंटों के दौरान 32 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया। यह डीप डिप्रेशन में बदल गया। 3 दिसंबर 2021 की सुबह 5.30 बजे पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के पास केंद्रित था। विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 580 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व और पारादीप (ओडिशा) से 760 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है।

अगले 12 घंटों के दौरान इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और एक चक्रवाती तूफान में बदलकर तेज होने की संभावना है। तूफान के 4 दिसंबर की सुबह तक उत्तर आंध्र प्रदेश – दक्षिण ओडिशा तटों से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। फिर इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा तटों के साथ अगले 24 घंटों के दौरान 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम निरंतर हवा की गति के साथ आगे बढ़ने की संभावना है।