जमा पैसा वापस दिलाने में नाकाम रहने पर सहारा इंडिया एजेंट ने की आत्‍महत्‍या

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। सहारा इंडिया में लोगों ने खून पसीने की कमाई जमा की है। उन्हें वापस दिलाने का दबाव एजेंट पर बना रहे हैं। लोगों का दबाव अब एजेंट नहीं झेल पा रहे हैं। यही कारण है कि आए दिन सहारा इंडिया कार्यालय में हंगामा हो रहा है। दबाव में सहारा इंडिया के एजेंट गणेश नोनिया ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली।

घटना झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया के आईईएल थाना क्षेत्र के गवर्नमेंट कॉलोनी की है। मृतक गणेश नोनिया पिछले 20 वर्षों से सहारा इंडिया में एजेंट का काम करता था। वर्तमान समय में लोगों की जमा पूंजी को वापस दिलाने में नाकाम होने के बाद वह डिप्रेशन में था। बीती रात यानी शनिवार को वह घर से बाहर निकला। अपने तबेले में रस्सी के सहारे झूलकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना की जानकारी अहले सुबह तब लगी, जब मृतक की पत्नी राधा देवी उसे ढूंढने बाहर निकली। इस घटना के बाद परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन बेटियां हैं।

स्थानीय लोगों ने आईईएल थाना को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मृतक कुछ दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। इसका कारण सहारा इंडिया में पैसे वापसी नहीं कराना बताया जा रहा है।