- संघ का प्रथम त्रैवार्षिक अधिवेशन सह आम चुनाव संपन्न
रांची। झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ का प्रथम त्रैवार्षिक अधिवेशन 31 अक्टूबर को हुआ। इसमें आम चुनाव के माध्यम से नई कार्यकारणी सदस्यों का चुनाव किया गया। सर्वसम्मति से अनिल पी पन्ना को अध्यक्ष और चंदन कुमार प्रसाद को महासचिव बनाया गया।
अधिवेशन में कर्मचारियों और बैंक हित में अनेक बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। अधिवेशन में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किये गये। इसमें ग्रेड पे, कर्मचारियों का प्रोमोशन, बीमा पॉलिसी सहित अन्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन मुख्य अतिथि रांची सांसद संजय सेठ ने किया। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक की भूमिका अहम है। इसमें और तेजी लाने की आवश्यकता है, क्योंकि सहकारी बैंक की पहुंच सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक है।
विशिष्ट अतिथि झारखंड राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष डॉ महुआ माजी ने कहा कि सहकारिता बैंक बाकी बैंकों की तरह कार्य कर रहा है। आने वाले समय में और तेजी लाने की आवश्यकता है। वर्ष, 2014 के अब तक एक बहाली नहीं हो पायी है। उम्मीद है कि नई बहाली के साथ रोजगार का सृजन होगा। धन्यवाद संघ के नव मनोनितअध्यक्ष अनिल पी पन्ना ने किया।