नीट की झारखंड टॉपर विजयलक्ष्मी का हुआ अभिनंदन

झारखंड
Spread the love

रांची। सफलता के लिए निरंतर प्रयास और दृढ़निश्चय का कोई विकल्प नहीं है। मेडिकल लाइन में सतत प्रयास और ज्ञानार्जन के साथ सफलता के लिए संवेदना भी मायने रखती है। उक्‍त बातें डॉ शशि पंडित ने रांची के न्यू अलकापुरी, प्रगति विहार द्वारा आयोजित नीट टॉपर सुश्री विजयलक्ष्मी के अभिनंदन समारोह में 21 नवंबर को कही।

जानकारी हो कि न्यू अलकापुरी निवासी विजयलक्ष्मी ने नीट परीक्षा में 720 अंकों में से 700 अंक लाकर झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उसने आईआईटी जेईई में भी सफलता प्राप्त की है। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन, मुहल्ले के परिवेश और कठिन परिश्रम को दिया।

कृष्णा कुमारी ने अभिनंदन पत्र पढ़ कर और मुहल्ले की महिलाओं ने तिलक लगा एवं आरती उतारकर विजयलक्ष्मी को आशीर्वाद दिया। डॉ एल कुमारी ने आशीर्वाद स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिये ज्ञान के साथ परि‍स्थितियों से सामंजस्य, चुनौतियों का सामना, दृढ़ता, सरलता आदि भी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विजयलक्ष्मी की माता श्रीमती प्रभा कुमारी गिरी और पिता विजय कुमार गिरि ने भी कहा कि बच्चों का मार्गदर्शन और उनका हौसलावर्द्धन अत्यंत जरूरी है। समारोह में डॉ आरके राय, डॉ इंदिरा पंडित, रामेश्वर सिंह, पूर्व आईएएस श्रद्धानंद शर्मा, उपेंद्र सिंह अर्जुन पंडित, एस गोविंद ने भी अपने विचार रखें। विजयलक्ष्मी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि वह विदेश के बजाय देश में ही सेवा प्रदान करेगी।

कार्यक्रम का संचालन राहुल मेहता ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में विजय प्रकाश, अर्जुन पंडित, सिद्धांत, सूरज, कौशिक, सिंटू आदि ने योगदान दिया।