भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 23 नवंबर को, प्रभारी होंगे शामिल

झारखंड
Spread the love

रांची। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 23 नवंबर को होगी। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी सांसद दिलीप सैकिया सहित प्रदेश के नेता शामिल होंगे। बैठक सेमी वर्चुअल होगी। इसकी अध्‍यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश करेंगे। यह जानकारी प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा ने दी।

डॉ  वर्मा ने बताया कि यह बैठक रांची प्रदेश कार्यालय से सेमी वर्चुअल तरीके से आयोजित होगी। प्रदेश अध्यक्ष सहित क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रदेश कार्यालय में बैठक को संबोधित करेंगे।

डॉ वर्मा ने बताया कि विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि अपने अपने जिले से जुड़ेंगे। कार्यसमिति बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से राजनीतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी झारखंड के जनता की आवाज बनेगी। राज्य की दो वर्षों की विफलताएं, आदिवासी, दलित, महिला युवा, किसान विरोधी सरकार की विफलताएं मजबूती के साथ कार्यसमिति में उठेंगे।

डॉ वर्मा ने कहा कि यह सरकार कैसे युवाओं को नियोजन नीति, भाषा विवाद के साथ छल रही, यह मुद्दा भी बैठक में शामिल होगा। बैठक में सांगठनिक विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों पर भी नेताओं के मार्गदर्शन प्राप्त होंगे।

एक दिवसीय बैठक का उद्घाटन सत्र प्रातः 10.30 बजे होगा। डॉ वर्मा ने बताया कि 22 नवंबर को शाम 5 बजे कार्यसमिति बैठक के पूर्व पदाधिकारी की बैठक होगी। इसमें कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।